दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जबेरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के नोहटा स्थित कार्यालय में प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार क्षेत्रवासियों के लिए राहत का माध्यम बनता जा रहा है। शनिवार को आयोजित जनसुनवाई में कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश मामलों का अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।
मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि प्रत्येक शनिवार प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नोहटा कार्यालय में जबेरा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं सुनी जाती हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए तेंदूखेड़ा या जबेरा के सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब प्रशासनिक अधिकारी नोहटा कार्यालय में ही उपस्थित रहकर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। इससे क्षेत्रवासियों को समय और संसाधनों की बचत के साथ बेहतर सुविधा मिल रही है।
मंत्री ने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर जनता दरबार में पहुंच रहे हैं, जिससे यह पहल क्षेत्र में जनसुविधा और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने का माध्यम बन रही है।




