खनिज विभाग पर आदिवासी परिवार से मारपीट, जातिगत अपमान व जबरन राजीनामे के आरोप

Advertisement
टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। जिले में खनिज विभाग और पुलिस की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम मिनोरा टोरिया (थाना कोतवाली टीकमगढ़) निवासी एक आदिवासी परिवार ने खनिज विभाग से जुड़े कर्मचारी और उसके साथियों पर बेरहमी से मारपीट, जातिगत गालियां देने, जान से मारने की धमकी देने और पुलिस के दबाव में जबरन राजीनामा कराने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
ज्ञापन के अनुसार 6 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे खनिज विभाग से जुड़े कर्मचारी कुलदीप जैन अपने साथियों के साथ वाहन से ग्राम मिनोरा टोरिया पहुंचे और वहां मौजूद चंदू सौर व एक नाबालिग युवक के साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों व हाथों से जमकर मारपीट की, जिसमें दोनों युवकों को सिर, पीठ और हाथों में गंभीर चोटें आईं, वहीं एक युवक के सिर से खून बहने लगा। आरोप है कि मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जब वे शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी और थाना कोतवाली पहुंचे तो उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उल्टा पुलिस द्वारा दबाव बनाकर राजीनामा कराने की कोशिश की गई। परिवार का कहना है कि दबाव में राजीनामे की वीडियो बनवाई गई और खाली कागजों पर हस्ताक्षर व अंगूठा निशान भी लिए गए।
घायल युवक को जिला अस्पताल टीकमगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां एक्स-रे और सीटी स्कैन जांच कराई गई। परिजनों के अनुसार युवक की हालत अभी भी सामान्य नहीं है और वह काम करने में असमर्थ है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि शिकायत के बावजूद आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष के खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया गया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
