मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गरोठ थाना क्षेत्र के सुरजना गांव में संचालित एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में महीनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी होकमसिंह सोधिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।


बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब पुलिस फैक्ट्री के मास्टरमाइंड तक पहुंचने में सफल हुई है। पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए करीब 12 करोड़ रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स, क्रूड एमडी और बड़ी मात्रा में केमिकल जब्त किए थे।


सीतामऊ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार होकमसिंह सोधिया से लगातार पूछताछ की जा रही है, जिससे नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।


पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मंदसौर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।