भिंड, अक्षय जोशी। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिवर्ष जून माह को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में जून 2026 के दौरान जिले में मलेरिया के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मलेरिया रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. यादव ने कहा कि मलेरिया एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है। समय पर जांच, उपचार एवं बचाव के उपाय अपनाकर इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। मलेरिया रथ के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को मलेरिया से बचाव, स्वच्छता, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम तथा समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा, जिला महामारी नियंत्रक अधिकारी डॉ. अवधेश सोनी, डीएएम रीना अवस्थी, स्थापना लिपिक शिवांग सिंह राजावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि मलेरिया निरोधक माह के दौरान जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे आमजन को मच्छरों से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जा सके।

