सागर। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन ने पुलिस नेतृत्व में बड़ा फेरबदल किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कड़े रुख और न्यायिक जांच के आदेशों के बीच शासन ने वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी इरशाद वली को सागर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया है।


अवैध नेटवर्क पर नकेल और पुलिसिंग में कसावट की चुनौती

संभाग में 19 से अधिक मौतों और पुलिस-आबकारी तंत्र की विफलता के बाद नए आईजी की पदस्थापना को बेहद अहम माना जा रहा है। शासन की मंशा है कि एक सख्त और अनुभवी पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में रेंज के चारों जिलों में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए और पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से जुड़े अवैध शराब माफिया के सिंडिकेट पर निर्णायक प्रहार किया जाए।