रायसेन, देवेन्द्र मिश्रा। रायसेन पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिलवानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 82 पेटी अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने करीब 735 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 4.17 लाख रुपये है, तथा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये है, जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सिलवानी कुंवर सिंह मुकाती के नेतृत्व में की गई। पुलिस को 17-18 जुलाई की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बम्होरी की ओर से गैरतगंज जा रही बोलेरो पिकअप में अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना सिलवानी के सामने तिराहे पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। बजरंग चौराहा की ओर से आ रही संदिग्ध बोलेरो पिकअप को घेराबंदी कर रोककर तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान वाहन से 82 कार्टन देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से वाहन चालक सोनू यादव (33) और संजू कलावत (28), दोनों निवासी ग्राम समनापुर कला, थाना गैरतगंज, जिला रायसेन, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजीत परते, उपनिरीक्षक अभिषेक खरे, सहायक उपनिरीक्षक हरिओम चौबे, भोजपाल शर्मा, प्रधान आरक्षक विनोद रघुवंशी, शैलेन्द्र सिंह तथा आरक्षक विक्रम सिंह, अमित भार्गव, रजनीकांत कुर्मी, विनय कुमार, अंकित खटीक, सैनिक अजय राजपूत एवं लखन ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।