देवास, हेमंत गुर्जर। जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को मुख्य आरोपी मुकेश विज को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। वह ग्वांग्झू (चीन) से भारत लौट रहा था, तभी देवास पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। हादसे के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी।


पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देशभर में लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। इसी के आधार पर दिल्ली एयरपोर्ट पर उसकी पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। अब पुलिस आरोपी को देवास लाकर पूरे मामले में विस्तृत पूछताछ करेगी।


इस मामले में पुलिस की विशेष टीम ने उत्तराखंड निवासी फरार आरोपी महेश चौहान को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इससे पहले फैक्ट्री के संयुक्त संचालक कपिल विज को भी दिल्ली से पकड़ा गया था। वहीं, घटना के 24 घंटे के भीतर लाइसेंसी अनिल मालवीय और मुख्य ठेकेदार मोहम्मद अयाज को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी सहित कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


देवास एसपी पुनीत गेहलोद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 13 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस की टीमें लगातार दिल्ली सहित अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।


गौरतलब है कि टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद से ही फैक्ट्री संचालन और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।