नई दिल्ली। देश की बड़ी ऑटो कंपनियों ने गुरुवार को सितंबर की बिक्री के आंकड़े जारी किए, जिसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा ने दोहरे अंक में और हुंडई मोटर ने बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है।महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) ने निर्यात सहित 1,14,874 वाहनों की बिक्री की है, जो कि सालाना आधार पर 15 प्रतिशत अधिक है।

घरेलू बाजार में कंपनी के यूटिलिटी वाहनों (यूवी) वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 64,092 यूनिट्स हो गई है। वहीं, कमर्शियल वाहनों की बिक्री भी सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 30,420 यूनिट्स हो गई है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के ऑटोमोटिव बिजनेस के अध्यक्ष, डॉ. वेलुसामी आर ने कहा, "इस तेजी को आगे बढ़ाते हुए, हमें गर्व है कि हमने अपनी इलेक्ट्रिक ओरिजिन एसयूवी की लॉन्चिंग के बाद से 1 लाख की बिलिंग का माइलस्टोन पार कर लिया है।"

कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में, सितंबर में 2 टन से कम वजन वाले हल्के कमर्शियल वाहनों (एलसीवी) की बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 4,044 यूनिट्स रही, जबकि 2 से 3.5 टन वजन वाले एलसीवी की बिक्री 13 प्रतिशत बढ़कर 26,376 यूनिट्स रही। इलेक्ट्रिक मॉडल समेत थ्री-व्हीलर की बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 16,343 यूनिट्स हो गई है।

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने सितंबर में अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री 77,916 यूनिट्स दर्ज की, जिसमें पिछले साल की तुलना में 10.8 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। घरेलू बाजार में मासिक बिक्री सालाना आधार पर 10.9 प्रतिशत बढ़कर 57,166 यूनिट्स रही और निर्यात सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत बढ़कर 20,750 यूनिट्स तक पहुंच गया है।

एचएमआईएल के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा, "यह आंकड़ा जुलाई 2026 में बने हमारे पिछले रिकॉर्ड से भी ज्यादा है। घरेलू और एक्सपोर्ट बाजारों में हुई यह चौतरफा बढ़ोतरी हमारे प्रोडक्ट पोर्टफोलियो की मजबूत अपील और भारत व ग्लोबल बाजारों में वर्ल्ड-क्लास मोबिलिटी सॉल्यूशन देने के हमारी प्रतिबद्धता का सबूत है।"

गर्ग ने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि फेस्टिव सीजन के दौरान ग्राहकों का उत्साह बना रहेगा, जिसमें हुंडई बेयोन की बुकिंग शुरू होने से भी मदद मिलेगी।