मुंबई। रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' की कंटेस्टेंट रहीं माधुरी ग्रोवर के 'गरीब बच्चे पैदा करेंगे तो गरीबी ही बढ़ेगी' वाले बयान को लेकर लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया और कई सवाल उठाए। अब शो से बाहर आने के बाद माधुरी ग्रोवर ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी बात को गलत समझा गया और उनका मकसद किसी भी व्यक्ति को बच्चे पैदा करने से रोकना नहीं था।दरअसल, शो में माधुरी जैन ने खुलासा किया कि उन्हें तीसरा बच्चा ना होने का मलाल है। उन्होंने शो पर कहा था- ''तीसरा बच्चा आपको जवान रखता है। अगर आप शाहरुख खान समेत सभी अमीर लोगों को देखें, तो उनके तीसरा बच्चा है। 'हम दो हमारे दो' वाली कहावत हर किसी पर लागू नहीं होती। जितने अमीर लोग जितने बच्चे पैदा करेंगे, उतनी ही अमीरी बढ़ेगी, जितने गरीब लोग बच्चे पैदा करेंगे, उतनी ही गरीबी बढ़ेगी।'' इस बयान के लिए माधुरी को अभी भी सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।

अशनीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी ग्रोवर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपने बयान को लेकर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि वह लोगों को बच्चे पैदा करने से रोकने की बात नहीं कर रही थीं, बल्कि उनका कहना था कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ज्यादा बच्चों के बारे में सोचना चाहिए।

माधुरी ने कहा, ''मैं ज्यादा बच्चे पैदा करने की बात कर रही थी। मैंने किसी को भी बच्चे पैदा करने से नहीं रोका।''

जब आईएएनएस ने उनसे पूछा गया कि भारत में कई सफल लोग ऐसे हैं, जिन्होंने गरीबी से निकलकर बड़ा मुकाम हासिल किया है, तो ऐसे में इस बयान के पीछे उनका क्या तर्क है?

इस पर माधुरी ने कहा, ''मेरी बात का संबंध अमीर और गरीब में अंतर करने से नहीं है। मैं सिर्फ यह कहना चाहती थी कि लोगों को परिवार बढ़ाने के बारे में सोचना चाहिए। खासतौर पर अमीर लोगों को भी इस बारे में विचार करना चाहिए। मुझे खुद इस बात का अफसोस है कि मैंने ज्यादा बच्चे नहीं किए और इसी वजह से मैं यह बात कह रही थी। अगर परिवार और आबादी बढ़ती है तो इसका असर अर्थव्यवस्था और उद्योगों पर भी पड़ता है।''

उन्होंने आगे कहा, ''कई गरीब परिवार ज्यादा बच्चों के साथ जीवन आगे बढ़ाते हैं, इस उम्मीद में कि उनके बच्चों में से कोई एक आगे चलकर सफल हो जाए और परिवार की स्थिति बदल सके। यह स्थिति समाज में देखने को मिलती है और इसी संदर्भ में मैंने अपनी बात रखी थी।''

माधुरी ने कहा, ''आज के समय में कई लोग शादी तक नहीं करना चाहते। हर व्यक्ति को अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने का अधिकार है। मैं किसी से बच्चे पैदा करने का अधिकार छीनने की बात नहीं कर रही हूं, बल्कि मैं सभी को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही थी।''

बता दें कि माधुरी ग्रोवर हाल ही में रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' से बाहर हुई हैं।