सतना,अंबिका केशरी। नगर निगम क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में खोली जा रही शराब दुकान को लेकर एक बार फिर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से कार्रवाई न होने से नाराज क्षेत्रवासियों ने दुकान के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर अवैध दुकान को सील कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राहुल सिलाड़िया, कोलगवां थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि जिस स्थान पर शराब दुकान संचालित की जा रही थी, वह खसरा नम्बर 14 के अंश भाग की सरकारी भूमि है। इस जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकान का निर्माण किया गया था। एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट रूप से अवैध कब्जे के तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को अब न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां सभी पक्षों की सुनवाई के बाद आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन ने फिलहाल दुकान को सील कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कब्जाधारी ने न केवल सरकारी जमीन पर दुकान बनाई, बल्कि वहां लगे सरकारी हैंडपंप पर भी कब्जा कर लिया और उसमें सबमर्सिबल पंप डाल दिया। इससे क्षेत्र के लोगों को पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा था। ज्ञात हो कि इस मुद्दे को लेकर यह दूसरा प्रदर्शन था, जिसका नेतृत्व पूर्व पार्षद अजय सिंह मिंटू ने किया। लगातार विरोध और जन दबाव के बाद प्रशासन की यह कार्रवाई सामने आई है।

फिलहाल इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में संतोष का माहौल है और वे प्रशासन से अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग कर रहे हैं।