बीजिंग। दक्षिण पश्चिम चीन के शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश की राजधानी ल्हासा की पर्यावरणीय गुणवत्ता वर्ष 2025 में देश के अग्रणी शहरों में बनी रही। हाल ही में जारी ल्हासा नगर पर्यावरणीय गुणवत्ता स्थिति रिपोर्ट 2025 के अनुसार, शहर का पर्यावरण लगातार बेहतर स्तर पर कायम रहा।
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में ल्हासा की वायु गुणवत्ता राष्ट्रीय ग्रेड 2 मानकों पर खरी उतरी। शहर में 99.7 प्रतिशत दिन अच्छी वायु गुणवत्ता वाले रहे, जिससे ल्हासा देश के 168 प्रमुख शहरों में दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा, सतही जल की गुणवत्ता भी उत्कृष्ट रही। सभी 5 राष्ट्रीय निगरानी बिंदुओं और 12 पेयजल स्रोतों ने ग्रेड 3 मानकों को पूरा किया। भूजल की गुणवत्ता अच्छी बनी रही और शहरी जल प्रणाली भी बेहतर स्थिति में रही।
वहीं, ल्हासा में मिट्टी की गुणवत्ता सुरक्षित और स्थिर रही तथा निर्माण भूमि का सुरक्षित इस्तेमाल सुनिश्चित किया गया। दिन के समय शोर का स्तर और सड़क यातायात से होने वाला शोर दोनों ही ग्रेड 1 के सर्वोत्तम स्तर पर रहे। इसके अलावा, विकिरण पर्यावरण की स्थिति भी सामान्य रही और सभी निगरानी मानक निर्धारित सीमा के भीतर पाए गए।
वर्ष 2025 ल्हासा के पारिस्थितिकी संरक्षण और पर्यावरणीय पहचान के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहा। जुलाई में जिम्बाब्वे में आयोजित 15वें पक्षकार सम्मेलन सीओपी15 में ल्हासा को ‘अंतर्राष्ट्रीय वेटलैंड शहर’ के रूप में मान्यता मिली। यह शीत्सांग का पहला ऐसा शहर बना, जिसे यह सम्मान प्राप्त हुआ।
इसके बाद वर्ष के अंत में, ल्हासा के छ्यूश्वेई जिले को चीनी पर्यावरण मंत्रालय द्वारा ‘स्वच्छ पानी और हरित पहाड़ अनमोल संपत्ति हैं’ अवधारणा के अभ्यास और नवाचार आधार के रूप में चुना गया।
इसके अलावा, ल्हासा को क्षेत्रीय स्तर पर 4ए ‘शून्य अपशिष्ट शहर’ का दर्जा भी मिला। शहर में 212 ‘शून्य अपशिष्ट इकाइयां’ स्थापित की गईं और शीत्सांग का पहला ‘शून्य अपशिष्ट’ विज्ञान शिक्षा आधार छ्यूश्वेई वीन औद्योगिक पार्क में शुरू किया गया।
इन उपलब्धियों को ल्हासा की उच्च गुणवत्ता वाली पारिस्थितिकी संरक्षण नीति और पर्यावरण संरक्षण को व्यवहार में लागू करने के प्रयासों का प्रमाण माना जा रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)




