बटियागढ़ (राजेन्द्र तिवारी): बारिश होते ही फुटेरा कला गांव की मुख्य सड़कों पर पानी भराव और घुटने तक कीचड़ का मंजर आम बात हो गया है। इस समस्या से त्रस्त ग्रामीण रविवार को सड़क पर उतर आए और कीचड़ में खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जताया।
ग्रामीणों ने बताया कि जरा सी बारिश में ही बस्ती के मुख्य मार्ग जलमग्न हो जाते हैं। फुटेरा बस स्टैंड से बकायन तक फैली कीचड़ के कारण वाहनों से गंदगी उछलकर घरों और दुकानों तक पहुंच जाती है। इससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्कूली बच्चों पर सबसे बुरा असर
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस कीचड़ भरी सड़क का सबसे ज्यादा नुकसान स्कूली बच्चों को हो रहा है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं। राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मांग और चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मांग की है कि गांव के मुख्य मार्गों पर उचित जल निकासी व्यवस्था बनाई जाए और सड़कों का स्थायी सुधार कराया जाए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।




