छतरपुर, संदीप यादव। जिले के बमनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मवई में खेत की बुवाई के दौरान हुए विवाद में एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों का आरोप है कि गांव के ही एक दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को पहले बमनोरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया।


घायल चंदू खंगार (60) पिता थुबना, रामप्रसाद खंगार (45) पिता चंदू एवं रेखा खंगार (30) पति रामप्रसाद, निवासी ग्राम मवई ने बताया कि वे शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे अपने खेत में बुवाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के मठू खंगार, हल्लू, बृजलाल, दिस्सन, पूरन, हरिशंकर सहित उनके परिवार के एक दर्जन से अधिक लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों एवं कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए।


घायलों का यह भी आरोप है कि घटना के समय मौके पर डायल-112 पुलिस मौजूद थी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने मारपीट रोकने का प्रयास नहीं किया। घटना के बाद घायल अपने निजी वाहन से बमनोरा थाने पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण बमनोरा अस्पताल में कराया। चिकित्सकों ने गंभीर चोटों के चलते तीनों को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।