टीकमगढ़,मोहसिन अहमद । जिले में जमीन दिलाने के नाम पर एक डॉक्टर से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए अब पुलिस अधीक्षक (SP) से न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित डॉ. अर्जुनलाल अहिरवार ने बताया कि आरोपी पंकज श्रीवास्तव ने उन्हें कृषि भूमि दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने एक जमीन दिखाकर भरोसा दिलाया कि यह सौदा पूरी तरह सुरक्षित और वैध है। आरोपी की बातों में आकर डॉ. अहिरवार ने 15 फरवरी 2026 को अपनी पत्नी की मौजूदगी में 10 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए।


डॉ. अहिरवार के मुताबिक, पैसे लेने के बाद आरोपी ने कुछ दिनों तक संपर्क बनाए रखा, लेकिन जल्द ही उसका फोन बंद हो गया और वह फरार हो गया। पीड़ित का कहना है कि इस पूरे लेन-देन के दौरान दो अन्य लोग भी मौजूद थे, जो इस मामले के गवाह हैं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने आरोपी की पत्नी से संपर्क किया, तो शुरुआत में उसने पैसे वापस दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में वह भी अपने वादे से मुकर गई। इसके बाद पीड़ित लगातार पुलिस थाने के चक्कर काटते रहे।


डॉ. अहिरवार ने बताया कि उन्होंने कोतवाली थाने में कई बार लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन अब तक उनकी FIR दर्ज नहीं की गई। पुलिस की इस उदासीनता से परेशान होकर उन्होंने अब पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की है।पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती, तो आरोपी को पकड़ा जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपी को भागने का मौका मिला।


इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत पहुंचने के बाद मामले में जांच के आदेश दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।


इस घटना ने एक बार फिर जिले में जमीन के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित डॉक्टर ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार करने और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है।