टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले में भीषण गर्मी और रेड अलर्ट के बीच बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जतारा विद्युत विभाग के प्रभारी अधिकारी बालकृष्ण तिवारी को विभागीय स्तर पर निलंबित कर दिया गया है। क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर आमजन में भारी नाराजगी बनी हुई थी।
जानकारी के अनुसार देर रात करीब 2 बजे बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्या लेकर स्थानीय विधायक हरिशंकर खटीक के निवास पहुंचे। लोगों ने भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली बंद रहने की शिकायत करते हुए जल्द समाधान की मांग की। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
इसके बाद विधायक स्वयं रात में विद्युत केंद्र पहुंचे और मौके पर अधिकारियों-कर्मचारियों से चर्चा कर बिजली सप्लाई शुरू करवाई। घटना के बाद विधायक की नाराजगी खुलकर सामने आई, जिसके चलते विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी अधिकारी बालकृष्ण तिवारी को निलंबित कर दिया।
लगातार बिजली कटौती से परेशान लोगों के बीच इस कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। वहीं आमजन अब बिजली व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जता रहे हैं।

