तेल अवीव। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अगले हफ्ते अमेरिका नहीं जाएंगे। उनके कार्यालय ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

बयान के अनुसार, दिवंगत लिंडसे ग्राहम की स्मृति सभा कार्यक्रम टलने के कारण ये फैसला लिया गया है। उनके कार्यालय ने बताया कि अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की स्मृति सभा स्थगित होने के कारण यह फैसला लिया गया है।

द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट्स के अनुसार, नेतन्याहू के शनिवार को अमेरिका रवाना होने और मंगलवार तक वहां रुकने की उम्मीद थी, जहां वह अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने वाले थे।

इजरायल के प्रबल समर्थक और ईरान के आलोचक रहे ग्राहम का पिछले सप्ताह "अचानक बीमार" होने के बाद निधन हो गया था।

नेतन्याहू ने अमेरिकी सीनेटर को अपना करीबी मित्र और अमेरिका-इजरायल गठबंधन का मजबूत समर्थक बताया था। उन्होंने इजरायल की सुरक्षा के प्रति ग्राहम की प्रतिबद्धता की भी सराहना की थी।

वहीं, बुधवार को रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में भी कुछ ऐसा ही दावा किया गया था। इजरायली अधिकारी के हवाले से न्यूज एजेंसी ने बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू शनिवार को अमेरिका की यात्रा करेंगे और वो अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात करना चाहते हैं, लेकिन फिलहाल स्पष्ट नहीं है कि दोनों नेताओं के बीच बैठक होगी या नहीं।

अगर नेतन्याहू की यह यात्रा तय होती है, तो ईरान के खिलाफ संघर्ष शुरू होने के बाद यह उनकी पहली अमेरिका यात्रा होती। उनकी पिछली यात्रा फरवरी के मध्य में हुई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद अमेरिका-इजरायल ने ईरान पर संयुक्त सैन्य हमला किया था।

फरवरी 2026 में मुलाकात के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह अब भी ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए उसके साथ समझौते की संभावना तलाश रहे हैं। यह बयान नेतन्याहू के साथ तीन घंटे की बैठक के बाद आया था, जिसमें माना गया था कि इजरायली प्रधानमंत्री अमेरिका से ईरान के खिलाफ और अधिक सख्त सैन्य कार्रवाई की मांग करेंगे।

व्हाइट हाउस की छठी यात्रा बिना किसी सार्वजनिक बयान के समाप्त हुई थी। इस अचानक आयोजित बैठक के नतीजों की जानकारी ट्रंप ने ऑनलाइन पोस्ट के जरिए दी थी।