विदिशा, वाजिद कुरैशी। जिले की सिरोंज तहसील के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाखेड़ी गांव के रहने वाले बालाराम अहिरवार अपनी पत्नी सुनीता अहिरवार के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।


पीड़ित दंपति का आरोप है कि गांव में हुए एक विवाद की शिकायत उन्होंने 181 हेल्पलाइन पर की थी। शिकायत के बाद पुलिस उन्हें थाने लेकर गई, जहां थाना प्रभारी ऋतुराज और एक आरक्षक द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। दंपति का कहना है कि पुलिस ने उनकी पत्नी को भी धमकाया और झूठे मामले में फंसाने की बात कही।


बालाराम और उनकी पत्नी ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।


वहीं मामले को लेकर एडिशनल एसपी का कहना है कि शिकायत की जांच एसडीओपी को सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई होती है।