गुवाहाटी, 7 अप्रैल । यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 13वें मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) को जीत के लिए 11 ओवरों में 151 रन का टारगेट दिया है। मंगलवार को यह मुकाबला बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।

बारिश के चलते टॉस 9 बजकर 55 मिनट पर हुआ। मुकाबले में 9-9 ओवरों की कटौती की गई। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। यशस्वी जायसवाल के साथ वैभव सूर्यवंशी बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरे।

यशस्वी जायसवाल ने आरआर को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने मैच के पहले ही ओवर में दीपक चाहर के खिलाफ 4 चौके और 1 छक्का (कुल 22 रन) लगाया। जायसवाल ने सूर्यवंशी के साथ महज 5 ओवरों में 80 रन की साझेदारी की। सूर्यवंशी 14 गेंदों में 5 छक्कों और 1 चौके के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे ध्रुव जुरेल, जायसवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 4 रन जुटा सके। जुरेल 3 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हुए। यहां से जायसवाल ने कप्तान रियान पराग के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 37 रन की साझेदारी की।

रियान पराग ने 10 गेंदों में 20 रन की पारी खेली। इसके बाद जायसवाल ने शिमरोन हेटमायर के साथ 13 गेंदों में 29 रन की अटूट साझेदारी करते हुए 11 ओवरों की समाप्ति में टीम को 150/3 के स्कोर तक पहुंचाया। जायसवाल 32 गेंदों में 4 छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हेटमायर ने 6 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से गजनफर ने 21 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि शार्दुल ठाकुर ने 1 विकेट अपने नाम किया।

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह के साथ मैदान पर उतरी है।

वहीं, राजस्थान रॉयल्स की टीम रियान पराग (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा के साथ यह मैच खेल रही है।