सतना, सजल कुमार रजक। शासकीय हाईस्कूल कामताटोला में विद्यालय की सामग्री कथित रूप से बेचे जाने की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सोहावल ने दो सदस्यीय जांच समिति गठित की है। साथ ही प्रभारी प्राचार्य संगीता जैन को नोटिस जारी कर मामले से जुड़े दस्तावेज और बिंदुवार जवाब मांगा गया है।
दो प्राचार्यों को जांच की जिम्मेदारी
जांच समिति में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घूरडांग के प्राचार्य राजकुमार पाण्डेय और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भूमकहर के प्राचार्य संजय श्रीवास्तव को शामिल किया गया है। समिति शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित तथ्यों और अभिलेखों की जांच कर अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ कार्यालय को सौंपेगी।
सामग्री बेचने की अनुमति और प्रक्रिया की होगी जांच
जारी नोटिस में प्रभारी प्राचार्य से उनके पदस्थापना काल, मूल पद तथा विद्यालय की सामग्री बेचने या किसी व्यक्ति को देने के निर्देश से संबंधित जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा सामग्री के विक्रय के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं और निर्धारित अपलेखन प्रक्रिया का पालन किया गया या नहीं, इसका भी जवाब मांगा गया है।
खरीदार और राशि का भी मांगा गया विवरण
शिक्षा विभाग ने घटना की तारीख, उस समय प्रभारी प्राचार्य की मौजूदगी तथा कथित रूप से सामग्री खरीदने वाले व्यक्ति का नाम, पता और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि संबंधित सामग्री विद्यालय के किस कक्ष या विभाग में रखी गई थी और उसके विक्रय के लिए किसी प्रकार का विज्ञापन या टेंडर जारी किया गया था या नहीं।
दो दिन में अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश
नोटिस में सामग्री बेचने से प्राप्त राशि का विवरण तथा उसे किस खाते में जमा या संधारित किया गया, इसकी जानकारी भी मांगी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी सतना के 8 सितंबर 2026 के पत्र के संदर्भ में जारी नोटिस में पत्र प्राप्त होने के दो दिन के भीतर संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उपलब्ध दस्तावेजों और जवाब के आधार पर जांच समिति अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ कार्यालय को भेजेगी। जांच रिपोर्ट के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।











