कटनी, सुमित पाण्डेय। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय मासूम छात्र की मौत हो गई। द्वारिका स्कूल की चलती तूफान वैन का दरवाजा अचानक खुलने से छात्र सड़क पर जा गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, टीकर निवासी दिनेश यादव का 10 वर्षीय पुत्र जीत यादव द्वारिका स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र था। रोजाना की तरह स्कूल की छुट्टी होने के बाद जीत तूफान वैन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक वैन का दरवाजा खुल गया और जीत अनियंत्रित होकर चलती गाड़ी से सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के तत्काल बाद घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में भी घटना की जानकारी ली। पुलिस द्वारा वाहन चालक की लापरवाही, तूफान वैन की फिटनेस, सुरक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मासूम की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




