मुंबई। महाराष्ट्र एनसीसी निदेशालय ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) के तहत युवाओं के लिए एक बड़ी स्किलिंग और रोजगार पहल शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स और पूर्व कैडेट्स को उद्योग जगत से जोड़ना, उन्हें भविष्य के अनुरूप कौशल प्रदान करना और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के पहले चरण में लेमन ट्री होटल्स के सहयोग से विशेष प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से महाराष्ट्र के पात्र स्नातक युवाओं को इंटर्नशिप के अवसर दिए जाएंगे। पहले चरण में कुल 150 इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

पुणे में 15 जून 2026 को लेमन ट्री प्रीमियर, सिटी सेंटर में प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा, जहां 50 इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध रहेंगे। वहीं मुंबई में 16 जून 2026 को लेमन ट्री प्रीमियर होटल में कैंप आयोजित किया जाएगा, जहां 100 युवाओं को इंटर्नशिप का मौका मिलेगा।

इन अवसरों का लाभ एनसीसी सीनियर डिवीजन, सीनियर विंग कैडेट्स और पूर्व कैडेट्स उठा सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को मानव संसाधन (एचआर), सेल्स, फ्रंट ऑफिस ऑपरेशंस, फाइनेंस, फूड एंड बेवरेज सर्विसेज तथा परचेज एंड स्टोर्स जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत मासिक स्टाइपेंड, मेंटरशिप, कार्यस्थल पर प्रशिक्षण और करियर विकास के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे।

एनसीसी महाराष्ट्र इस पहल को उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न हितधारकों के सहयोग से लागू कर रहा है। महिला कैडेट्स की भागीदारी बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र सरकार के साथ समन्वय कर आवास और अतिरिक्त सहायता जैसी सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है।

इंटर्नशिप के अलावा एनसीसी महाराष्ट्र युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए ड्रोन पायलट प्रशिक्षण एवं प्रमाणन, साइबर सुरक्षा कार्यक्रम, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रशिक्षण, तथा सिविल डिफेंस और सामुदायिक लचीलापन जैसे विशेष कार्यक्रम भी चला रहा है।

एनसीसी महाराष्ट्र के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल विवेक त्यागी ने आईएएनएस से कहा कि एनसीसी हमेशा से अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का मंच रहा है। अब इसे रोजगार, उद्यमिता और भविष्य के कौशल से भी जोड़ा जा रहा है। पुणे और मुंबई के ये प्लेसमेंट कैंप शिक्षा से रोजगार तक की सार्थक यात्रा की शुरुआत हैं।

महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों में 2,000 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से करीब 1.5 लाख एनसीसी कैडेट्स जुड़े हुए हैं।