नागपुर। भारत-पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौते को लेकर पाक‍िस्‍तान के जलवायु पर‍िवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक की बेहूदा बयानबाजी पर रक्षा विशेषज्ञ और पूर्व फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवाली देशपांडे ने कड़ा पलटवार किया। उन्‍होंने चेतावनी देते हुए कहा क‍ि अब अगर ऑपरेशन सिंदूर पार्ट-2 या पार्ट-3 हुआ तो जो अंजाम होगा वो पाक‍िस्‍तान सोच भी नहीं सकता।

पूर्व फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवाली देशपांडे ने कहा क‍ि पाक‍िस्‍तान बड़ा ही अजीब देश है और वैसे ही वहां के मंत्रालय भी हैं। वहां के एक मंत्री मुसादिक मलिक, जो स‍िंधु जल समझौते को लेकर 'हाथ काटने' की धमकी देते हैं, उनको शायद‍ यह नहीं पता कि ज‍िस 'स‍िंधु जल समझौते' की बात वो कर रहे हैं, उसे भारत ने कब का खत्‍म कर द‍िया है।

शिवाली देशपांडे ने बताया क‍ि पहलगाम में पाक‍िस्‍तान की कायरतापूर्ण हरकत के बाद 23 अप्रैल 2025 को ही भारत ने ये 'सिंधु करार' तोड़ दिया है, और हमने तभी डिक्लेअर कर दिया था कि पाकिस्तान को अब हम पानी नहीं देंगे। उसके बाद से पाकिस्तान में जो खेती-बाड़ी होती है और शहरों में जो पानी पहुंचता है, वो पानी कम हो गया है, जिसकी वजह से पाक‍िस्‍तानी मंत्री मुसादिक मलिक अब भारत को धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। वो कहते हैं, अगर भारत सिंधु नदी करार के ऊपर कुछ एक्शन लेता है या उसको सस्पेंड करता है या उसके पानी को पाकिस्तान में आने से रोकता है, तो 'हाथ काट' देंगे।

पूर्व फ्लाइट लेफ्टिनेंट ने कहा क‍ि पाकिस्तान का बस एक ही एजेंडा है कि किस प्रकार भारत को टारगेट किया जाए। 'ब्लीड इंडिया विद अ थाउजेंड कट्स', यही एक पाकिस्तान का एजेंडा है। पाकिस्तान सिर्फ ये कोशिश करता रहता है कि कैसे किस तरह से हम आतंकवादियों को भेजें, किस तरह से स्लीपर सेल्स को एक्टिवेट करें और भारत में कोई न कोई आतंकी हमला करें।

शिवाली देशपांडे कहती हैं क‍ि पाकिस्तान शायद‍ भूल गया है क‍ि 'ऑपरेशन सिंदूर' में उसके साथ क्या हुआ था, किस तरह से भारत ने उसके 11 एयरबेस को नेस्तनाबूद कर दिया था। तब पाक‍िस्‍तानी ग‍िड़गिड़ा रहे थे भारत के सामने, 'युद्ध को विराम दीजिए, हमने बहुत सहन कर लिया।' तब हमने आपके गिड़गिड़ाने पर रहम करते हुए आपको माफ क‍िया था।

शिवाली ने कहा, "शायद आपको माफ करना ही हमारी गलती थी। तभी आज मुसादिक मलिक जैसे मंत्री अपना काम छोड़कर भारत के खि‍लाफ फ‍िर से बेहूदा बयानबाजी कर रहे हैं। आपके यहां बार‍िश नहीं हो रही या पानी की द‍िक्‍कत है तो आप उस बात कीज‍िए। इसके ल‍िए आप भारत को ज‍िम्‍मेदार ठहराकर विवाद‍ित बयानबाजी क्‍यों कर रहे हैं?"

शिवाली देशपांडे ने चेतावनी देते हुए कहा क‍ि मुसादिक मलिक जैसे मंत्र‍ियों को सोच-समझकर और अपनी सीमा में रहकर भारत के ख‍िलाफ बात करनी चाहिए, क्‍योंकि‍ अब अगर ऑपरेशन सिंदूर पार्ट-2 या पार्ट-3 होता है, तो फिर आप सोच लीजिए आपके देश का क्या होगा।