इंदौर,रविकांत वर्मा । शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो को लेकर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। यह मामला फरवरी माह का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो हाल ही में सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई।


दरअसल, एमआर-10 चौराहा स्थित अभिनंदन गार्डन में कुछ युवकों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। वायरल वीडियो में युवक आपस में झगड़ते नजर आ रहे हैं, वहीं एक युवती के साथ भी मारपीट की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वीडियो की जांच शुरू की। जांच के बाद पीड़िता ने हीरानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।


पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को अभिरक्षा में लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है।