मुंबई। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में खुला। सुबह 9:27 पर सेंसेक्स 129 अंक या 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 72,512 और निफ्टी 43 अंक या 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,599 पर था। शुरुआती कारोबार में निजी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी देखी गई। सूचकांकों में निफ्टी प्राइवेट बैंक करीब एक प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर था। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी मेटल, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी इंडिया डिफेंस और निफ्टी कंजप्शन हरे निशान में थे।

दूसरी तरफ निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी आईटी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी फार्मा, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी सर्विसेज लाल निशान में थे।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप भी हरे निशान में थे। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 117 अंक या 0.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,267 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 212 अंक या 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 59,959 पर था।

सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, एचयूएल, इंडिगो, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, एचसीएल टेक और एलएंडटी गेनर्स थे। टेक महिंद्रा, एमएंडएम, इन्फोसिस, सनफार्मा, आईटीसी, इटरनल, भारती एयरटेल, एसबीआई, एशियन पेंट्स, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, बीईएल, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक और मारुति सुजुकी लूजर्स थे।

जानकारों के मुताबिक, बुल्स के लिए एक निश्चित स्तर के बाद भी तेजी को बनाए रखना मुश्किल हो रहा है, क्योंकि अमेरिका के 10-साल के बॉन्ड यील्ड 5.3 प्रतिशत के आसपास बने हुए हैं, इसलिए एफआईआई बिकवाली जारी रखेंगे, जिससे बाजार का माहौल 'रैली पर बिकवाली' वाला बन जाएगा। इसका मतलब है कि एफआईआई आकर्षक वैल्यूएशन के बावजूद लार्ज-कैप शेयरों की बिकवाली जारी रखेंगे, जबकि डीआईआई इन शेयरों की खरीदारी करते रहेंगे क्योंकि फंड का इनफ्लो लगातार बना हुआ है।

ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी देखी जा रही है। टोक्यो, हांगकांग, बैंकॉक और जकार्ता हरे निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को हरे निशान में बंद हुआ था, जिसमें मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ और नैस्डैक 1.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।