कार्डिफ। विराट कोहली सेना देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) के खिलाफ सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ सोफिया गार्डन्स में जारी वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 66 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों के साथ 65 रन बनाए। यह सेना देशों के खिलाफ उनका 30वां अर्धशतक था।
भारतीय खिलाड़ियों की इस लिस्ट में राहुल द्रविड़ दूसरे पायदान हैं, जिन्होंने 29 बार ऐसा किया। सचिन तेंदुलकर (25) इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।
विराट कोहली विरोधी टीम के घरेलू मैदान पर पर सर्वाधिक वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इस मामले में कोहली ने कुमार संगकारा को पछाड़ा है। कोहली ने अब तक विरोधी टीम के घरेलू मैदान पर 5,538 रन बनाए हैं, जबकि संगकारा (5,518 रन) इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। रिकी पोंटिंग (5,090) और सचिन तेंदुलकर (5,065) क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर मौजूद हैं।
इस पारी के साथ विराट कोहली ने विदेशी धरती पर वनडे फॉर्मेट में 8 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह इस मामले में तीसरे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (11,450) और सौरव गांगुली (8,111) इस लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवा चुके हैं।
विराट कोहली इंग्लैंड के विरुद्ध सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने 33वीं बार यह कारनामा किया है, जबकि सचिन तेंदुलकर (32), राहुल द्रविड़ (26), एमएस धोनी (24) और सुनील गावस्कर (23) टॉप-5 की सूची में शामिल हैं।
मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 44 ओवरों में 233 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से श्रेयस अय्यर ने सर्वाधिक 66 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने मेहमान टीम के खाते में 65 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।




