छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा जिले की देहात थाना पुलिस ने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए दोपहिया वाहन चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 55 हजार रुपये की दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। धरपकड़ के बाद पुलिस ने अपराधियों में खौफ और आम जनता में कानून के प्रति विश्वास कायम करने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों की शहर में पैदल परेड भी निकाली।
चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे आरोपी
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 14 जुलाई को महुआटोला निवासी टीकाराम बरकड़े ने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट देहात थाने में दर्ज कराई थी।
मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- भविक उर्फ जयप्रकाश नारायण परतेती (उम्र 19 वर्ष)
- रोहित उर्फ रविंद्र धुर्वे (उम्र 20 वर्ष)
1.55 लाख रुपये की 2 बाइकें बरामद
कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों युवकों ने बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो वाहन जब्त किए हैं:
चोरी गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल
बरामद दोनों बाइकों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.55 लाख रुपये बताई गई है।
शहर में कराई पैदल परेड
गिरफ्तारी और जब्ती के बाद देहात थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस निकालते हुए शहर के मुख्य मार्गों पर पैदल परेड कराई। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम नागरिकों को अपराधों के प्रति जागरूक करना है।
कार्रवाई के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।




