शिवपुरी। शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा के भतीजे प्रशांत शर्मा की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि प्रशांत शर्मा परिवार के साथ मुरैना में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर इंदौर लौट रहे थे। जानकारी के मुताबिक, ग्राम श्रीपुर स्थित एक होटल के पास प्रशांत शर्मा की कार की टक्कर होटल संचालक अरुण परिहार की स्कॉर्पियो से हो गई। हादसे के समय कार में प्रशांत शर्मा की पत्नी कृष्णा शर्मा, बेटियां आकांक्षा और अनन्या, तथा बेटा अथर्व भी मौजूद थे। दुर्घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे में अथर्व के चेहरे पर चोट आई, जबकि कृष्णा शर्मा, आकांक्षा और अनन्या भी घायल हो गईं। सभी घायलों को तुरंत शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।


हादसे के बाद मामला उस समय और बढ़ गया जब प्रशांत शर्मा ने होटल संचालक अरुण परिहार और कुछ अन्य लोगों पर मारपीट कर 50 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया। प्रशांत शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अरुण परिहार समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं होटल संचालक अरुण परिहार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि हादसे के बाद होटल स्टाफ ने घायलों की मदद की, उन्हें पानी पिलाया और बैठाया। परिहार के अनुसार विवाद तब शुरू हुआ जब प्रशांत शर्मा वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर कथित तौर पर प्रशांत की बेटी ने थप्पड़ मार दिया और मोबाइल छीनने की कोशिश की गई। बदरवास थाना प्रभारी शिखा तिवारी ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।