भिंड, अक्षय जोशी। जिले के नेशनल हाईवे-719 पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गौहद चौराहा थाना क्षेत्र के बिरखड़ी गांव के पास सुबह करीब 7:30 बजे स्लीपर बस और सिलेंडर से भरी कैंटर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब तीन दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।


जानकारी के मुताबिक स्लीपर बस नेपाल से पुणे जा रही थी और उसमें सवार सभी यात्री नेपाल के बताए जा रहे हैं। बिरखड़ी गांव के पास बस की सामने से आ रही सिलेंडर से भरी कैंटर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।


घटना की सूचना मिलते ही गौहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए गौहद अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।