छतरपुर, संदीप यादव। छतरपुर जिले के नौगांव कस्बे से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद जघन्य और दर्दनाक खबर सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही बहू द्वारा कथित रूप से छत से धक्का दिए जाने से गंभीर रूप से घायल हुई 102 वर्षीय वृद्ध महिला की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वृद्धा की मौत के बाद इस पूरे मामले ने बेहद गंभीर आपराधिक मोड़ ले लिया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, यह भयंकर वारदात बीते शुक्रवार को घटी थी। घर में हुए आपसी विवाद के दौरान आरोपी बहू ज्योति रैकवार ने अपनी 102 वर्षीय सास गौराबाई गुप्ता को कथित रूप से मकान की छत से नीचे धक्का दे दिया था। छत से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग महिला को परिजन तत्काल नौगांव स्वास्थ्य केंद्र ले गए थे, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। पिछले 6 दिनों से जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहीं गौराबाई गुप्ता ने अंततः बुधवार रात दम तोड़ दिया।
इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में एक और दर्दनाक कड़ी जुड़ी हुई है, जो इलाके में भारी चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी बहू ज्योति रैकवार ने वर्ष 2025 में गौराबाई के बेटे संजय गुप्ता से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद से ही घर में विवाद रहने लगा था। विवादों से तंग आकर 14 अप्रैल 2026 को संजय गुप्ता ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले संजय ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उसने अपनी पत्नी ज्योति रैकवार, सास-ससुर, साले और साली पर प्रताड़ना के बेहद गंभीर और संगीन आरोप लगाए थे।
102 वर्षीय गौराबाई गुप्ता की मौत के बाद नौगांव और छतरपुर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। गुरुवार को शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आते ही और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपी बहू ज्योति रैकवार के खिलाफ वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




