छतरपुर, संदीप यादव। शहर के बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में गुरुवार शाम एक हॉकी कोच पर आधा दर्जन युवकों द्वारा बेरहमी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में कोच गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावर उनका मोबाइल फोन और गले की सोने की चेन भी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, नकुल पिता पंचमलाल कुशवाहा (32) निवासी सागर रोड, खेल ग्राम के पास, थाना सिविल लाइन, गुरुवार शाम करीब 6 बजे स्टेडियम में खिलाड़ियों को हॉकी का प्रशिक्षण दे रहे थे। इसी दौरान शिवम दीक्षित, उसके भाई सहित अन्य तीन-चार युवक वहां पहुंचे और नकुल को पकड़कर स्टेडियम के बाहर ले गए। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी हॉकी छीनकर उसी से करीब 15 मिनट तक लगातार मारपीट की। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कोई बचाने नहीं आया।


पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन और गले में पहनी सोने की चेन भी छीन ली। गंभीर रूप से घायल नकुल ने घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सिविल लाइन थाना ले गए, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पुलिस और परिजनों की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार नकुल के सिर, आंख, नाक, कान तथा हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।


घायल नकुल ने बताया कि दो दिन पहले स्टेडियम में शिवम दीक्षित का कुछ वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ियों से विवाद हो गया था। उस दौरान उन्होंने बीच-बचाव कर शिवम को विवाद से दूर रहने की सलाह दी थी। इसी बात से नाराज होकर शिवम और उसके साथियों ने गुरुवार को हमला कर दिया। नकुल पिछले दो वर्षों से क्रीड़ा भारती केंद्र के माध्यम से स्कूली बच्चों को हॉकी का प्रशिक्षण दे रहे हैं और उनका कहना है कि इससे पहले उनका किसी से कोई विवाद नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की तलाश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।