छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित संकट मोचन तिराहे पर देर शाम एक महिला द्वारा बीच सड़क पर युवक को खदेड़ने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला और युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर महिला गुस्से में युवक के पीछे दौड़ती हुई दिखाई दी। काफी देर तक सड़क पर चले इस घटनाक्रम के कारण यातायात भी प्रभावित रहा और लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।




