सतना,अंबिका केशरी। शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बिजली की हाई वोल्टेज लाइन के नीचे पेड़ की शाखाएं काटने के दौरान एक मजदूर करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद साथी मजदूर उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, पुराने बस स्टैंड स्थित शिव महल होटल के पास होटल संचालक शेषमणि कुशवाहा उर्फ लाला द्वारा पीपल और नीम के पेड़ों की शाखाओं की कटाई कराई जा रही थी। बताया जा रहा है कि पेड़ों के बिल्कुल समीप से बिजली की हाई वोल्टेज लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान शाखाएं काट रहे मजदूर अनिल (38) निवासी नजीराबाद अचानक करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े।

करंट लगने के साथ ऊंचाई से गिरने के कारण उनके हाथ में फ्रैक्चर भी हो गया। साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेड़ों की कटाई बिना आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किए कराई जा रही थी। घटना शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामले को लेकर संबंधित विभागों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।