गांधीनगर। गुजरात पुलिस की ओर से ऑनलाइन खतरों से बचने के लिए महिलाओं और बच्चों के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सेक्सटॉर्शन, डीपफेक, साइबरस्टॉकिंग और ऑनलाइन ग्रूमिंग से बचाव अभियान के पहले दो हफ्तों में पूरे राज्य में 5,000 से ज्यादा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।राज्य सरकार के साइबर सुरक्षा अभियान के 'ऑपरेशन सुरक्षित साइबरस्पेस' नाम की 28 दिन की यह पहल शुरू की गई है। इसका मकसद डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित इस्तेमाल को बढ़ावा देना और साथ ही जागरूकता, रोकथाम, कानून लागू करने और पीड़ितों की मदद को मजबूत करना है।
गुजरात पुलिस के अनुसार, अभियान के पहले दो हफ़्तों में 'शी-टीम' और साइबर सेल ने कुल 5,289 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
यह पहल डीजीपी जी. एस. मलिक की देखरेख में चलाई जा रही है। इसमें साइबर अपराध को रोकने के लिए लोगों तक पहुंचने (कम्युनिटी आउटरीच), टेक्नोलॉजी-आधारित निगरानी, पीड़ितों की मदद, साइबर जागरूकता और तुरंत कानूनी कार्रवाई जैसे कदम शामिल हैं।
सीआईडी क्राइम (महिला सेल) के एडीजीपी अजय चौधरी ने कहा कि डिजिटल युग में महिलाओं और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करना एक प्राथमिकता बन गई है। उन्होंने आगे कहा कि 'ऑपरेशन सुरक्षित साइबरस्पेस' के जरिए, गुजरात पुलिस डीपफेक और सेक्सटॉर्शन जैसे साइबर खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाकर एक सुरक्षित डिजिटल माहौल बना रही है। गुजरात पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा और हिफाजत के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पहले हफ्ते के दौरान, गुजरात पुलिस ने 1,874 साइबर जागरूकता और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए।
इनमें डिजिटल और शारीरिक सुरक्षा पर केंद्रित राज्य-स्तरीय 185 लॉन्च इवेंट, स्कूलों में 438 'साइबर सुरक्षा दिवस' कार्यक्रम और किशोरियों के लिए 336 'किशोरी दिवस' जागरूकता सत्र शामिल थे।
उच्च शिक्षा के स्तर पर, कॉलेजों में साइबर अपराध की रोकथाम के बारे में छात्रों को शिक्षित करने के लिए 207 साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि डिजिटल सुरक्षा पहलों में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए अलग-अलग जिलों में 109 साइबर रैलियां आयोजित की गईं।
दूसरे हफ़्ते में, अभियान ने साइबर अपराध के खास रूपों और ऑनलाइन सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया। गुजरात पुलिस ने पूरे राज्य में 4,172 विषय-आधारित कार्यक्रम और जन-जागरूकता शिविर आयोजित किए। सबसे ज्यादा कार्यक्रम (743) सोशल मीडिया सुरक्षा और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार पर केंद्रित थे।
पुलिस की ओर से डीपफेक से जुड़े अपराधों की पहचान और रोकथाम पर 578 कार्यक्रम, साइबरस्टॉकिंग रोकने के लिए 514 सेशन और 'एंटी-सेक्स्टॉर्शन डे' के तहत 520 जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए, ताकि नागरिकों को ऑनलाइन शोषण के सबसे तेज़ी से बढ़ते रूपों में से एक के बारे में जागरूक किया जा सके।
युवा इंटरनेट यूज़र्स के सामने आने वाले जोखिमों से निपटने के लिए, इस अभियान में गेमिंग सुरक्षा से जुड़े 512 कार्यक्रम और ऑनलाइन ग्रूमिंग रोकने के लिए 466 सेशन शामिल थे। राज्य के दूर-दराज इलाकों तक इस अभियान को पहुंचाने के लिए 461 और जन-जागरूकता कैंप आयोजित किए गए।
इस पहल के तहत, गुजरात पुलिस ने हर ऑपरेशनल लेवल पर पुलिस कॉन्स्टेबल, हेड कॉन्स्टेबल और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर से लेकर पुलिस सब-इंस्पेक्टर और पुलिस इंस्पेक्टर तक, कर्मचारियों को तय जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
अफसरों का मूल्यांकन पांच (जागरूकता पैदा करना, रोकथाम, कानून लागू करना, जांच की गुणवत्ता और जनता का भरोसा) पैमानों पर किया जा रहा है।




