छतरपुर, रोहित पाठक। छतरपुर जिले के एक छोटे से ग्राम गंज की होनहार बेटी आरती अग्रवाल ने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और असाधारण प्रतिभा के बल पर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आरती ने मध्य प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर (MPSI - स्टेनो) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेणी (वर्ग) में संपूर्ण मध्य प्रदेश स्तर पर द्वितीय (दूसरी) रैंक हासिल की है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा ग्राम गंज, उनका विद्यालय और छतरपुर जिला गौरवान्वित हुआ है।
पिता चलाते हैं बर्तन की छोटी दुकान
ग्राम गंज के निवासी महेश कुमार अग्रवाल की सुपुत्री आरती की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई गांव के ही विद्यालय में हुई है। उनके पिता गांव में एक छोटी सी बर्तन की दुकान का संचालन कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर में सीमित संसाधन होने के बावजूद आरती ने कभी अपनी परिस्थितियों को आड़े नहीं आने दिया और अपनी लगन व दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
60 दिनों में मिलीं दो-दो सरकारी नौकरियां
आरती की सफलता की सबसे खास बात यह रही कि मात्र 60 दिनों के भीतर उनका चयन दो अलग-अलग सरकारी नौकरियों में हुआ है। इससे पूर्व उनका चयन माध्यमिक शिक्षक पात्रता (वर्ग-3) परीक्षा में हुआ था। इसके ठीक बाद अब MPSI (स्टेनो) परीक्षा के परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पूरे मध्य प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
जिले में हर्ष का माहौल, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
आरती अग्रवाल की इस स्वर्णिम उपलब्धि से पूरे अग्रवाल समाज, ग्राम गंज और छतरपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। शुभचिंतकों और ग्रामीणों द्वारा उनके गृह ग्राम में जश्न मनाया जा रहा है। उनकी यह अभूतपूर्व सफलता उन सभी ग्रामीण युवाओं और छात्रों के लिए एक महान प्रेरणा स्रोत बन गई है, जो विषम और कठिन परिस्थितियों में भी बड़े सपने देखने और उन्हें अपने पुरुषार्थ से साकार करने का साहस रखते हैं।




