भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल में प्रदेशभर से पहुंचे हजारों किसानों के आंदोलन को लेकर मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्वक अपनी जायज़ मांगों को लेकर राजधानी पहुंचे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय केवल समय टालने का प्रयास कर रही है।


उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री से मांग की कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए केवल कमेटी बनाने की बजाय तत्काल ठोस निर्णय लिए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की गारंटी सुनिश्चित की जाए, खाद वितरण की बदहाल व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए तथा किसानों से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए।


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में पदयात्रा और शांतिपूर्ण आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। सरकार को अहंकार छोड़कर संवाद और संवेदनशीलता के साथ किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी हर जायज़ मांग का पूरा समर्थन करती है।