छतरपुर। नगर परिषद राजनगर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कर संग्रहण एवं उल्लेखनीय राजस्व वसूली कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसी उपलब्धि के लिए मध्यप्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने नगर परिषद राजनगर को 2.25 लाख रुपये की कर प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। खास बात यह है कि छतरपुर जिले में केवल नगर परिषद राजनगर को इस उपलब्धि के आधार पर यह प्रोत्साहन अनुदान प्राप्त हुआ है।
शासन द्वारा स्वीकृत इस राशि का उपयोग नगर परिषद की सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में किया जाएगा। इसके तहत कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, ब्रॉडबैंड सहित अन्य आवश्यक आईटी संसाधनों का उन्नयन किया जाएगा, जिससे कर संग्रहण प्रणाली अधिक प्रभावी होगी और नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
नगर परिषद राजनगर की यह उपलब्धि स्थानीय निकाय के प्रभावी वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शी कर संग्रहण व्यवस्था तथा राजस्व वृद्धि के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। शासन की ओर से मिला यह प्रोत्साहन अन्य नगरीय निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। नगर परिषद के इस प्रदर्शन से भविष्य में राजस्व संग्रहण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।




