सतना, अंबिका केशरी। सतना जिले के नागौद विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला नोनगरा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी स्कूलों की व्यवस्था और शिक्षकों के आचरण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में विद्यालय के एक शिक्षक बिना शर्ट के कक्षा के भीतर विद्यार्थियों को पढ़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित शिक्षक का नाम छंगेलाल कोल है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए विद्यालयों में अनुशासन और ड्रेस कोड के पालन पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार विद्यालय में कुल 73 विद्यार्थी दर्ज हैं, लेकिन घटना वाले दिन केवल 7 छात्र ही उपस्थित मिले। इससे विद्यालय में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की जा रही है। लोगों का कहना है कि शिक्षक विद्यार्थियों के लिए आदर्श होते हैं, इसलिए उनसे मर्यादित एवं अनुशासित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। ऐसे में विद्यालय परिसर में इस तरह की स्थिति शिक्षा व्यवस्था की छवि पर भी सवाल खड़े करती है।
बताया गया है कि संबंधित शिक्षक दृष्टिबाधित हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे किन परिस्थितियों में बिना शर्ट के कक्षा में पहुंचे और वायरल वीडियो कब तथा किस परिस्थिति में बनाया गया। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब सभी की निगाहें विभागीय जांच पर टिकी हैं। यदि जांच में सेवा आचरण नियमों या ड्रेस कोड के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। वहीं यदि घटना के पीछे कोई विशेष या मानवीय परिस्थिति सामने आती है तो उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा।




