छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के केंडी गांव स्थित पूर्व विधायक आरडी प्रजापति के कृषि फार्म हाउस पर आगामी 26, 27 और 28 जून 2026 को तीन दिवसीय बहुजन महायज्ञ एवं छात्र प्रशिक्षण और बहुजन सम्मेलन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस विशाल कार्यक्रम की तैयारियों और छतरपुर के राम मंदिर में हुई हालिया चोरी के गंभीर विषय को लेकर पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने एक प्रेस वार्ता आयोजित की।
राम मंदिर में हुई चोरी को लेकर उठाए सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने छतरपुर के राम मंदिर में हुई चोरी की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्थानीय कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से इस मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।
देशभर से जुटेंगे कई दिग्गज नेता और मुख्य वक्ता
तीन दिनों तक चलने वाले इस वैचारिक और सांस्कृतिक महाकुंभ में देश और प्रदेश के कई जाने-माने राजनेता, समाज सुधारक और विचारक शामिल होंगे। मुख्य वक्ताओं के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, डीपीएसएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष दामोदर सिंह यादव, पूर्व विधायक (चरखारी, उ.प्र.) कप्तान सिंह राजपूत, पूर्व विधायक (राठ, उ.प्र.) गयादीन अनुरागी और पूर्व विधायक (बंडा, म.प्र.) नारायण प्रजापति मुख्य रूप से शामिल हो रहे हैं। इनके अलावा मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम, सतना विधायक श्री सिद्धार्थ कुशवाहा सहित सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील वरुण ठाकुर, जया ठाकुर एवं महमूद प्राचा भी इस मंच से अपनी बात रखेंगे।
दिन में वैचारिक मंथन, रात में महापुरुषों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन समिति के अनुसार, तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के तहत दिन के समय बहुजन महायज्ञ, छात्र प्रशिक्षण और बहुजन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वहीं, रात्रि कालीन सत्र में बहुजन महापुरुषों के जीवन और विचारों पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें बुंदेली राई, आल्हा गायन, लोकगीत, नाटक और नौटंकी का मंचन किया जाएगा। आल्हा गायन के लिए महोबा के प्रसिद्ध गायक हरनाम नरवारिया, दीक्षा यादव व प्रतीक्षा यादव और बुंदेली गायन के लिए गौरव उर्फ गणपत मुख्य रूप से प्रस्तुति देंगे।
सभी आगंतुकों के लिए की गई है विशेष व्यवस्था
महायज्ञ के इस भव्य आयोजन में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों के लिए तीन दिनों तक चाय, नाश्ता और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था कमेटी द्वारा की गई है। इसके साथ ही दूर-दराज और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए ठहरने के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों ने सभी क्षेत्रवासियों से तन, मन और धन से सहयोग कर इस महायज्ञ को सफल बनाने की अपील की है।

