गाले। भारत और श्रीलंका के बीच गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी टेस्ट मैच के शुरुआती दो दिन बारिश से प्रभावित रहे हैं। अब तक सिर्फ 116 ओवरों का ही खेल हो सका है। दूसरे दिन बारिश ने डेढ़ सेशन का खेल धो दिया। हालांकि, बारिश की लुका-छिपी के खेल के बावजूद, भारत ने दूसरे दिन मेजबान टीम पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी और 9 विकेट पर 460 रन बना लिए।

रविवार को दिन की शुरुआत देरी से हुई और लंच जल्दी लिया गया। खेल दोपहर 2:35 बजे शुरू हो सका और पूरे दिन में सिर्फ 43 ओवर फेंके गए। मेहमान टीम ने अपने खाते में 172 रन और जोड़े। ऐसे में अब फैंस तीसरे दिन के खेल को लेकर चिंतित हैं, जहां एक बार फिर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।

'एक्यूवेदर' के अनुसार, सोमवार को गाले में बारिश की आशंका 83 प्रतिशत है। घंटे-दर-घंटे के पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह 10 बजे बारिश की संभावना 51 प्रतिशत है, जो सुबह 11 बजे 47 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे 44 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे 48 प्रतिशत और दोपहर 2 बजे 52 प्रतिशत रहेगी।

दोपहर 3 बजे बारिश की आशंका 45 प्रतिशत, शाम 4 बजे 39 प्रतिशत और शाम 5 बजे 34 प्रतिशत रहेगी। शाम 6 बजे यह आशंका 40 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। ऐसे में तीसरे दिन खेल में बार-बार रुकावट आ सकती है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 9 विकेट खोकर 460 रन बना लिए हैं। भारत के लिए देवदत्त पड्डिकल ने 16 बाउंड्री के साथ 167 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 11 बाउंड्री के साथ 82 रन जोड़े। इनके अलावा, ध्रुव जुरेल ने 51 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। मेजबान टीम की तरफ से प्रभात जयसूर्या ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि केशरा नुवानथा ने 3 विकेट चटकाए। असिथा फर्नांडो के हाथ 1 विकेट लगा।