कटनी, प्रवीण तिवारी । जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के पड़रभटा-छिंदहाई गांव में देर रात रुपये के लेनदेन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पांच युवकों द्वारा कथित रूप से पिस्टल से फायर किए जाने की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। गोली युवक को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पड़रभटा-छिंदहाई निवासी दुर्गा प्रसाद कोल, जो डीजे साउंड सिस्टम का कार्य करता है, का पड़ोसी गांव लालपुर के एक टेंट कारोबारी से करीब 6 से 7 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर पिछले एक माह से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात पांच युवक हाथ में पिस्टल लेकर दुर्गा प्रसाद के घर पहुंचे और रुपये की मांग करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और एक युवक ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली दुर्गा प्रसाद को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर हादसे से बच गया।
घटना के बाद आरोपी युवक मौके पर अपनी लोडेड पिस्टल छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की, जिसमें पांच जिंदा कारतूस मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिस्टल से एक फायर किया गया था, जबकि शेष कारतूस सुरक्षित मिले हैं।
घायल दुर्गा प्रसाद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्लीमनाबाद की एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी भी देर रात जिला अस्पताल पहुंचीं और घायल से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।




