नई दिल्ली। अर्जेंटीना ने लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। अटलांटा स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 2-1 से हराया। सेमीफाइनल में हार के बाद अब इंग्लैंड तीसरे स्थान के लिए होने वाले मुकाबले में फ्रांस से भिड़ेगा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में अब अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा। स्पेन ने पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों की तरफ से आक्रामक खेल देखने को मिला। अर्जेंटीना के मुकाबले इंग्लैंड ने ज्यादा हमले किए और गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लग सकी। दोनों टीमों का डिफेंस पहले हाफ में बेहद मजबूत रहा और शुरुआती 45 मिनट में कोई गोल नहीं हो सका।

हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत इंग्लैंड ने दमदार अंदाज में की। मैच के 55वें मिनट में मोर्गन रोजर्स के पास पर एंथनी गॉर्डन ने बेहतरीन शॉट लगाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाते हुए इंग्लैंड को मुकाबले में 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भी इंग्लैंड की तरफ से लगातार अटैक जारी रहे। मगर अर्जेंटीना ने मैच के अंतिम पलों में जबरदस्त वापसी की। 85वें मिनट में एंजो फर्नांडेज ने लियोनेल मेसी से मिले पास को गोल में तब्दील करते हुए अर्जेंटीना के खेमे को राहत की सांस दिलाई। 1-1 से बराबर हो चुके स्कोर के बाद मुकाबला अतिरिक्त समय में जाता हुआ दिख रहा था।

हालांकि, इंजरी टाइम में अर्जेंटीना ने मुकाबले को पूरी तरह से पलट दिया। मेसी द्वारा दिए गए पास को लाउतारो मार्टिनेज ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया और अर्जेंटीना के लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने पर मुहर लगा दी। अंतिम 7 मिनटों में किए गए दो गोल की बदौलत अर्जेंटीना सेमीफाइनल मुकाबले को 2-1 से अपने नाम करने में सफल रहा।