भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल में किसानों का आंदोलन मंगलवार रात से लगातार जारी है। मूंग खरीदी के मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल पर डटे हुए हैं और सरकार से इस संबंध में अपना स्पष्ट पक्ष रखने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि समय पर मूंग की खरीदी नहीं होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, इसलिए सरकार जल्द निर्णय लेकर किसानों को राहत दे।


आंदोलन के दौरान किसानों ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने लोकगीतों के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने और उसे जगाने का प्रयास किया। इसके साथ ही सरकार को सद्बुद्धि देने की कामना करते हुए हवन भी किया गया। किसानों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।


धरना स्थल पर एक भावुक तस्वीर भी देखने को मिली, जहां करीब 7 से 8 वर्ष का एक छोटा बच्चा भी किसानों के साथ प्रदर्शन में शामिल नजर आया। इस दृश्य ने आंदोलन में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। किसानों ने कहा कि यह आंदोलन केवल वर्तमान की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और किसानों के अधिकारों की लड़ाई है। आंदोलन स्थल पर किसानों का जमावड़ा लगातार बना हुआ है और सभी की निगाहें अब सरकार की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।