छतरपुर, संदीप यादव। ईशानगर निवासी 40 वर्षीय किसान परसराम कुशवाहा की रविवार सुबह मोटर पंप चलाने के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे दो बेटे, एक बेटी और पत्नी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6 बजे परसराम कुशवाहा खेत में पानी निकालने के लिए मोटर पंप चालू कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मोटर में करंट उतर आने से वे उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सुबह करीब 8 बजे चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक व्याप्त हो गया। मृतक की असमय मौत से तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने विद्युत उपकरणों के उपयोग में सुरक्षा मानकों का पालन करने और संबंधित विभाग से बिजली व्यवस्था की नियमित जांच कराने की मांग की है।




