छतरपुर, संतोष शिवहरे। शहर में निर्माण कार्यों के दौरान नियमों की अनदेखी के आरोप एक बार फिर सामने आए हैं। सिविल लाइन थाना के सामने, पटरानी शोरूम के बगल तथा सटई रोड स्थित लखेरा बिल्डिंग के पास निर्माणाधीन भवनों में धड़ल्ले से बेसमेंट की खुदाई किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन निर्माण कार्यों की शिकायत कई बार नगरपालिका अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण स्थलों पर जेसीबी मशीनों से लगातार गहरी खुदाई की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि यदि बिना वैधानिक अनुमति के बेसमेंट बनाए जा रहे हैं तो इसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करना नगरपालिका की जिम्मेदारी है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।


मामले में जब नगरपालिका की सीएमओ माधुरी शर्मा से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि, "आप लोगों के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई है। जल्द ही निर्माणाधीन मकानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।" हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शिकायतें पहले ही संबंधित अधिकारियों तक पहुंच चुकी थीं, तब कार्रवाई के लिए मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने का इंतजार क्यों करना पड़ा।


अब शहरवासियों की नजर इस बात पर है कि नगरपालिका जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करती है या फिर बेसमेंट का निर्माण पूरा होने के बाद औपचारिकता निभाई जाएगी। शिकायतों के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है।