छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले से स्थानांतरण के बाद कलेक्टर पार्थ जैसवाल को पत्रकारों द्वारा आयोजित विदाई समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मीडिया और प्रशासन के बेहतर तालमेल से ही जनहित के कार्य प्रभावी ढंग से पूरे हो पाते हैं। उन्होंने कहा कि करीब दो वर्ष के अपने कार्यकाल में कई चुनौतीपूर्ण कार्य पत्रकारों के सहयोग से ही सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कहा कि मीडिया प्रशासन और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने छतरपुर के पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में कई ऐसी परिस्थितियां सामने आईं, जिनसे निपटने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका रही। उन्होंने कहा कि कई बार नकारात्मक खबरें भी प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण जानकारी का माध्यम बनीं, जिनके आधार पर समस्याओं का समाधान किया गया और जनहित के कार्यों को गति मिली।
विदाई समारोह में मौजूद पत्रकारों ने भी कलेक्टर पार्थ जैसवाल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अनुकंपा नियुक्तियों की प्रक्रिया में तेजी आई, जनसुनवाई व्यवस्था अधिक प्रभावी बनी और गंभीर मरीजों को खजुराहो से भोपाल तक एयर एंबुलेंस के माध्यम से पहुंचाने जैसी महत्वपूर्ण पहल भी उनके कार्यकाल में संभव हो सकी। पत्रकारों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे जहां भी पदस्थ रहेंगे, जनहित में इसी तरह बेहतर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र व्यास ने किया। समारोह में शहर के वरिष्ठ एवं गणमान्य पत्रकार उपस्थित रहे। अंत में पत्रकार संघ की ओर से कलेक्टर पार्थ जैसवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा भावभीनी विदाई दी गई।




