नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली से पहुंची ईडी की टीम ने तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और कारोबारी संजय शर्मा के विभिन्न ठिकानों पर अचानक छापेमारी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टीम तड़के करीब आधा दर्जन वाहनों में तेंदूखेड़ा पहुंची और राजमार्ग स्थित उनके कारोबारी कार्यालय पर दस्तावेजों तथा अन्य कारोबारी रिकॉर्ड्स की सघन जांच शुरू कर दी।


करीबी के घर पर भी चल रही है जांच

संजय शर्मा के मुख्य कार्यालय के साथ-साथ उनके करीबियों पर भी ईडी ने शिकंजा कसा है। जानकारी के मुताबिक, तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक-9 में रहने वाले उनके बेहद करीबी रामलाल झरिया के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है। फिलहाल दोनों ही स्थानों पर कार्रवाई जारी है और वहां सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है।


एनएचएआई टोल मामले से जुड़े होने की आशंका

ईडी की यह कार्रवाई किस सटीक मामले को लेकर की जा रही है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि यह जांच संजय शर्मा के किसी कारोबारी लेनदेन और विशेष रूप से एनएचएआई (NHAI) के टोल से जुड़े मामलों से संबंधित हो सकती है। जांच का वास्तविक कारण और इस कार्रवाई का दायरा क्या है, यह ईडी अधिकारियों द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।


स्थानीय पुलिस को बाद में मिली सूचना, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी, जिसे देखते हुए जांच परिसरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुआतला थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें केंद्रीय स्तर की टीम के पहुंचने की जानकारी बाद में मिली। फिलहाल स्थानीय पुलिस की ओर से कोई अलग टीम कार्रवाई के लिए नहीं भेजी गई है। ईडी की टीम परिसरों में मौजूद दस्तावेजों को खंगाल रही है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी।