भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल स्थित एलएनसीटी ग्रुप के विभिन्न संस्थानों और ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमार कार्रवाई शुरू की है। यह कार्रवाई करीब 200 करोड़ रुपए की कथित वित्तीय अनियमितताओं और घोटाले के मामले में की जा रही है। ईडी की टीम भोपाल सहित ग्रुप के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।


जानकारी के अनुसार, एलएनसीटी ग्रुप के प्रमुख चौकसे परिवार के खिलाफ मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) द्वारा 200 करोड़ रुपए से अधिक की वित्तीय गड़बड़ियों का मामला दर्ज किया गया था। ईओडब्ल्यू की प्रारंभिक जांच में छात्रों की फीस, छात्रवृत्ति राशि के कथित गबन तथा शैक्षणिक ऋण के दुरुपयोग से जुड़ी अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बाद मामला प्रवर्तन निदेशालय के संज्ञान में आया और एजेंसी ने धनशोधन के पहलुओं की जांच शुरू कर दी।


सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आई वित्तीय अनियमितताएं केवल भोपाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देशभर में संचालित ग्रुप के अन्य संस्थानों और ठिकानों से भी जुड़ी हो सकती हैं। इसी कारण ईडी की कार्रवाई कई स्थानों पर एक साथ जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।


फिलहाल ईडी की टीम संबंधित दस्तावेजों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।