बीजिंग। दक्षिण-पश्चिम चीन के शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के नागछू शहर के बाछेन जिले में 22 अक्टूबर की रात 10 बजकर 33 मिनट पर 7.0 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 24 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक इस भूकंप में 16 लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि 76 लोग घायल हुए थे। घायलों में 11 की हालत गंभीर है, जबकि 65 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। अब तक 12,489 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
इस बीच, 25 अक्टूबर को चाइना न्यूज सर्विस के संवाददाता ने सबसे अधिक प्रभावित मारू टाउनशिप के गांव नंबर 2 में बनाए गए राहत शिविर का दौरा किया। समुद्र तल से 4,400 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित इस शिविर में 60 पूर्वनिर्मित आवास तैयार किए गए हैं। इन आवासों में बेहतर तापरोधी व्यवस्था की गई है, ताकि ठंड से बचाव हो सके। 25 अक्टूबर की शाम से ही प्रभावित लोग इन आवासों में रहने लगे।
वहीं, बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए भी तेजी से काम किया गया। स्टेट ग्रिड ने 24 अक्टूबर की देर शाम बताया कि उसी दिन रात 8 बजकर 38 मिनट तक भूकंप प्रभावित इलाके में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई। भूकंप के बाद स्टेट ग्रिड की शीत्सांग शाखा ने तुरंत आपातकालीन टीमें रवाना कीं।
24 अक्टूबर तक राहत और मरम्मत कार्यों के लिए 301 कर्मचारी, 39 वाहन, मध्यम और निम्न वोल्टेज वाले 19 जनरेटर वाहन, 83 आपातकालीन उपकरण और बिजली कनेक्शन से जुड़ी सामग्री तैनात की गई। मौके पर तैनात कमांड टीम के निर्देश पर तंबुओं और पूर्वनिर्मित आवासों में बिजली कनेक्शन का काम एक साथ चलाया गया। इसके लिए 'एक आवास तैयार होते ही उसे बिजली से जोड़ने' के सिद्धांत पर काम किया गया।
इसके अलावा, हीटिंग उपकरणों के वितरण और पूर्वनिर्मित आवासों के निर्माण में तेजी आने से प्रभावित लोगों की रहने की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। राहत कार्यों का जोर अब लोगों को सुरक्षित ठिकाना देने के साथ-साथ उन्हें ठंड से बचाने और गर्म आवास उपलब्ध कराने पर भी है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)















