पारिवारिक कलह के चलते पति-पत्नी ने दो बच्चों के साथ खाया जहर, छह साल के मासूम की मौत

Advertisement
सतना, अंबिका केशरी। जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम बांधा में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के चलते पति-पत्नी ने कथित रूप से खाने में जहर मिलाकर अपने दोनों बच्चों के साथ उसका सेवन कर लिया। इस दर्दनाक घटना में छह साल के मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी और एक अन्य तीन वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बांधा निवासी कुंदन शर्मा अपनी पत्नी ज्योति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 7 बजे घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद कथित रूप से ज्योति शर्मा ने घर में बने भोजन में जहर मिला दिया और वही खाना अपने दोनों बच्चों को खिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी जहरीला भोजन खा लिया। कुछ देर बाद कुंदन शर्मा ने भी वही भोजन कर लिया, जिससे पूरे परिवार की तबीयत बिगड़ गई।
घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब परिवार का छोटा बेटा अभिषेक शर्मा (करीब 3 वर्ष) किसी तरह पड़ोसियों के पास पहुंचा और घर में हुई घटना की जानकारी दी। बच्चे की बात सुनते ही पड़ोसी तुरंत घर पहुंचे, जहां कुंदन शर्मा, उसकी पत्नी ज्योति शर्मा और बड़ा बेटा आकाश शर्मा अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। ग्रामीणों ने तत्काल सभी को उपचार के लिए रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान बड़े बेटे आकाश शर्मा की मौत हो गई। वहीं कुंदन शर्मा, ज्योति शर्मा और छोटा बेटा अभिषेक शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से किसी निजी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह आत्मघाती कदम उठाया गया हो सकता है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

