इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र अंतर्गत किशनगंज थाना इलाके के केवटी गांव में शुक्रवार को एक खूंखार कुत्ते ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में फारूक, अरमान, शाकिर और मालिक पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुत्ता बेहद आक्रामक था, जिसने किसी की गर्दन दबोच ली तो किसी के पैर पर बुरी तरह काट लिया। मौके पर मौजूद एक युवक ने प्लास्टिक की कुर्सी से कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार हमला करता रहा। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते की खतरनाक हरकतें साफ देखी जा सकती हैं।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल महू के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए हैं।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। लोगों ने मांग की है कि हमलावर कुत्ते को जल्द पकड़ा जाए और इलाके में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इंदौर में बढ़ रहा डॉग बाइट का खतरा
शहर में डॉग बाइट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और यह एक गंभीर सार्वजनिक समस्या बन चुकी है। आंकड़ों के अनुसार, इंदौर में हर महीने औसतन 4,500 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। वर्ष 2024 में 58 हजार से ज्यादा केस दर्ज किए गए, जबकि फरवरी 2026 में ही 28 दिनों के भीतर 4,166 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हुए। सरकारी अस्पतालों में रोजाना 100 से अधिक लोग एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं।

